पण्डरी में व्यापारी की हत्या, एएसआई लाइन अटैच
रायपुर ! रेमण्ड शो रूम के सामने सिटी स्टेशन पण्डरी में कल रात व्यवसायी सनमुख दासवानी की लूट के बाद हत्या कर दी गई।

पुलिस के खिलाफ लोगों ने दिखाया गुस्सा, घटना में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर ! रेमण्ड शो रूम के सामने सिटी स्टेशन पण्डरी में कल रात व्यवसायी सनमुख दासवानी की लूट के बाद हत्या कर दी गई। बेस बाल खेलने वाले स्टिक से मारपीट कर हत्या करने के मामले में तीन आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है। चौथा आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इनके बीच मारपीट को लेकर जो वजह सामने आ रही है, रुपयों के आपस में लेन-देन का मामला बताया जा रहा है। घटना के विरोध में मंगलवार को सुबह विधायक श्रीचंद सुंदरानी व चेम्बर अध्यक्ष अमर पारवानी की नाराजगी के बाद एएसआई को लाइन अटैच कर दिया गया है।
बताया गया कि पंडरीतराई निवासी सनमुख दासवानी पिता होलाराम दासवानी (43) तेलीबांधा में किराना दुकान को संचालित करता था। कल रात उसे उसके मित्र चंदू मिश्रा ने फोन कर शराब पीने के लिए आमंत्रण दिया। वहीं उसे आते वक्त उसे शराब खरीद कर लाने को कहा। इस दौरान सनमुख दासवानी रात में उसके पास दिग्जाम शो रूम के पीछे सिटी स्टेशन पण्डरी पहुंचा। जहां रेम्बो उर्फ सलमान, सागर राठौर, एक और यासीन अली पहले से ही मौजूद थे। पुलिस के अनुसार इनके बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। सूत्रोंं के मुताबिक रुपये को लेकर लेन-देन का यहां विवाद जुएं के रुपयों को लेकर था। जहां सभी ने मिलकर सनमुख दासवानी की बेसबाल खेलने वाले स्टिक से जमकर पिटाई कर दी। उसकी स्टिक से इतनी पिटाई की जब तक कि वह गंभीर रूप से घायल न हो गया। इधर घायल सनमुख दासवानी को घायल अवस्था में लेकर चंदू मिश्रा घर पहुंचा। जिसके बाद परिजन उसे घायल अवस्था में ही लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे। जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार कराने के बाद घायल सनमुख दास परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचा। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया। चूंकि मारपीट के दौरान सनमुख दास को शरीर के विभिन्न भागों में गंभीर चोट आई थी। इसीलिए परिजन रात में ही रिपोर्ट दर्ज कराने केबाद अम्बेडकर अस्पताल उपचार कराने पहुंचे थे। वहां भी प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया। इधर घायल युवक की तबियत बिगड़ते चले गई। जहां सुबह होते-होते उसकी तबियत और बिगडऩे लगी। जिस पर आनन-फानन में परिजन उसे लेकर फिर अम्बेडकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर किराना व्यवसायी की पिटाई से हुई मौत के बाद समूचे पण्डरी क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने पुलसि की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इस दौरान विधायक श्रीचंद सुंदरानी एवं अन्य व्यवसायी मृतक के घर पहुंचे। इस दौरान विधायक ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इधर पुलिस ने क्षेत्र में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मृतक के घर के आसपास आवश्यक बल को तैनात कर दिया गया था। ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके। वहीं पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ईरानी डेरा के पास बैरागी पारा से तीनों आरोपी युवक रेम्बो उर्फ सलमान सागर राठौर, चंदू मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। वहीं मामले में एक अन्य आरोपी यासीन अली का नाम भा सामने आया है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
फरार चौथे आरोपी यासीन को गिरफ्तार करने की मांग
पंडरी निवासी किराना व्यवसायी की पिटाई के बाद हुई मौत के बाद मोहल्लेवासियों ने फरार यासीन अली को जल्द गिरफ्तार करने तथा अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है फरार यासीन अली अपराधिक प्रवृत्ति का है. ये लोग 3 से 4 भाई हैं। इनका एक भाई अफसर अली गांजा, सट्टा, शराब तथा कई बार अन्य गैर कानूनी कार्यों करता था। जिसमें वह पकड़ा गया है। और इस समय सेन्ट्रल जेल में बंद है। वहीं एक अन्य भाई जमन अली जो कुछ माह पूर्व जिला न्यायालय रायपुर में एक अपराधी को चाकू मार दिया। इस मामले में पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि मृतक ने मरते वक्त फरार यासीन अली का लिया था। जिसकी गिरफ्तारी जल्द से जल्द होनी चाहिए तथा ऐसे अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस प्रशासन पर लगा घटना को दबाने का आरोप
फरार आरोपी यासीन अली की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर आये मोहल्लेवासियों ने पुलिस प्रशासन पर भी तरह-तरह के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गांजा, सट्टा, जुआ जैसे गैरकानूनी कार्यों में आरोपी पुसिस को रिश्वत देक आसानी से छूट जा रहे थे। यही कारण है कि आरोपियों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। गैर कानूनी कार्यो में रिश्वत लेकर आरोपियों को छोडऩे लगे आरोपों को एएसपी (शहर) विजय अग्रवाल ने ठुकरा दिया है। उनका कहना है कि पुलिस समय-समय पर जुए-सट्टे को लेकर कार्रवाई करती आई है। यही कारण है कि पिछले दिनोंं ईरानी डेरे से जुआ खेलते 10-15 लोगों को पकड़े गए। उन्होंने एएसआई मांझी पर लगे आरोप के जवाब में कहा कि प्रथम दृष्टया में एएसआई लाइन अटैच कर दिया गया। मामले की जांच बाकी है। यदि दोषी पाए गए तो अवश्य कार्रवाई होगी।
एएसआई पर आरोपियों को भगाने का आरोप
व्यवसायी की मौत के बाद एएसआई मांझी पर आरोपियों को भगाने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कलरात जब ड्यूटी पर मौजूद एएसआई मांझी को थाने में फोन किया तो पहले मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं आरोपियों को वहां से भगा दिया। लोगों का कहना है कि आरोपियों के भगाने में एएसआई ने मदद की है। मामले की जांच विलम्ब से शुरू की गई। जिससे आरोपियों को भागने का मौका मिला था। इधर इस आरौप से घिरे एएसआई को लाइन अटैच कर दिया गया है।


