Top
Begin typing your search above and press return to search.

गौतम अडाणी फिर बने देश के सबसे अमीर, अंबानी परिवार दूसरे स्थान पर; AI सेक्टर ने भी बनाई जगह

23 सितंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अडाणी परिवार की कुल संपत्ति सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर, मुकेश अंबानी और उनके परिवार की संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई। इसके साथ ही अंबानी परिवार सूची में दूसरे स्थान पर आ गया है।

गौतम अडाणी फिर बने देश के सबसे अमीर, अंबानी परिवार दूसरे स्थान पर; AI सेक्टर ने भी बनाई जगह
X

नई दिल्ली: भारत के सबसे अमीर परिवारों की सूची में इस साल बड़ा बदलाव देखने को मिला है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक गौतम अडाणी और उनका परिवार देश के सबसे अमीर परिवार बन गए हैं। अडाणी परिवार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। 23 सितंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अडाणी परिवार की कुल संपत्ति सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर, मुकेश अंबानी और उनके परिवार की संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई। इसके साथ ही अंबानी परिवार सूची में दूसरे स्थान पर आ गया है।

देश में 1,810 अमीर परिवार और कारोबारी

हुरुन की इस सूची में कम से कम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति रखने वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है। इन सभी की कुल संपत्ति करीब 187.5 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल की तुलना में सूची में शामिल अमीर लोगों की संख्या 128 बढ़ी है, जबकि पांच साल में यह संख्या 803 बढ़ चुकी है। इस साल सूची में 163 शहरों को शामिल किया गया है, जिनमें 106 भारतीय शहर हैं।

एलएन मित्तल की संपत्ति में जोरदार उछाल

आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनके परिवार ने इस साल सूची में बड़ी छलांग लगाई है। वे आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति 93 फीसदी बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक यूरोप में स्टील से जुड़े व्यापारिक संरक्षण उपायों और स्टील की कीमतों में बढ़ोतरी का असर उनकी संपत्ति पर पड़ा। वेदांता के अनिल अग्रवाल और उनका परिवार भी टॉप-10 में शामिल है। उनकी संपत्ति 87 फीसदी बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये हो गई और वे नौवें स्थान पर रहे। वहीं, टॉरेंट फार्मास्यूटिकल्स के समीर मेहता और उनका परिवार पहली बार टॉप-10 में पहुंचा। उनकी संपत्ति 52 फीसदी बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये हो गई। JB केमिकल्स के साथ मर्जर पूरा होने के बाद उनकी संपत्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रोशनी नादर सबसे अमीर भारतीय महिला

अमीरों की सूची में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। इस साल 131 महिलाएं सूची में शामिल हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी। HCL टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। महिला उद्यमियों और कारोबारी परिवारों की बढ़ती हिस्सेदारी को भी इस साल की सूची की प्रमुख विशेषताओं में गिना गया है।

पहली बार AI को अलग सेक्टर का दर्जा

इस साल की हुरुन रिच लिस्ट की खास बात यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को पहली बार अलग सेक्टर के तौर पर शामिल किया गया है। AI से जुड़े 19 लोगों ने सूची में जगह बनाई है और उनकी कुल संपत्ति करीब 3.07 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। इन 19 लोगों में 15 ऐसे हैं, जिन्होंने पहली बार हुरुन सूची में जगह बनाई है। इन नए AI कारोबारियों की कुल संपत्ति करीब 1.82 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। कंट्रोल एस डेटासेंटर्स, योट्टा, एस्टेरा लैब्स, पैरेलल वेब सिस्टम्स, सर्वम AI और इमर्जेंट AI जैसी कंपनियों से जुड़े प्रमोटर इस श्रेणी में शामिल हैं।

28 साल के दो युवा AI कारोबारी भी सूची में

AI सेक्टर से जुड़े तनय कोठारी और सहज गर्ग सूची में शामिल होने वाले सबसे युवा AI बिजनेस पर्सन में हैं। दोनों की उम्र 28 साल बताई गई है। उनकी कंपनी ‘विस्प्र फ्लो’ से जुड़ी संपत्ति के आधार पर दोनों की व्यक्तिगत संपत्ति करीब 4,200 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा बेंगलुरु स्थित QpiAi के नागेंद्र नागराजा हुरुन सूची में शामिल होने वाले पहले क्वांटम कंप्यूटिंग उद्यमी बने हैं। उनकी संपत्ति करीब 1,700 करोड़ रुपये बताई गई है।

मुंबई में सबसे ज्यादा अमीर

शहरों के लिहाज से मुंबई सबसे आगे है। यहां सूची में शामिल 465 अमीर लोग रहते हैं। इसके बाद नई दिल्ली में 236 और बेंगलुरु में 129 अमीर लोग हैं। मुंबई में 93 डॉलर-आधारित अरबपति होने की बात रिपोर्ट में कही गई है। सूची में शामिल लोगों की औसत संपत्ति भी बढ़ी है। यह पिछले साल के 9,874 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,362 करोड़ रुपये हो गई। रिपोर्ट के अनुसार इन अमीर लोगों की कुल संपत्ति में प्रतिदिन औसतन करीब 5,833 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। अब सूची में 23 लोगों की संपत्ति एक लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इन लोगों के पास सूची में शामिल कुल संपत्ति का 28.9 फीसदी हिस्सा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it