सपाट शुरुआत: सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में खुले, निवेशकों की नजर RBI पर
वैश्विक बाजारों में बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में खुला

एमपीसी फैसले से पहले बाजार में सुस्ती, आईटी-फार्मा सेक्टर दबाव में
- मिडकैप-स्मॉलकैप में बिकवाली, ऑयल-गैस और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी
- भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक गेनर्स, TCS-इन्फोसिस लूजर्स
- वैश्विक बाजारों की गिरावट का असर, सोना-चांदी भी कमजोर
मुंबई। वैश्विक बाजारों में बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में खुला। सुबह 9:18 पर सेंसेक्स 78 अंक की मामूली गिरावट के साथ 83,235.55 और निफ्टी 56 अंक की कमजोरी के साथ 25,586 पर था।
शुरुआती कारोबार में सूचकांकों में ऑयल एवं गैस, निजी बैंक, एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज में खरीदारी थी। वहीं, आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और पीएसई सूचकांक में दबाव था।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवली देखी जा रही है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 315 अंक या 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 59,201 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 193 अंक या 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,790 पर था।
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स गेनर्स थे। टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बीईएल, एशियन पेंट्स, इटरनल, इंडिगो और ट्रेंट लूजर्स थे।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति कमेटी (एमपीसी) के फैसलों का ऐलान गवर्नर संजय मल्होत्रा की ओर से सुबह 10 बजे किया जाएगा। निवेशकों का फोकस इस फैसले पर निगाहें होंगी।
जानकारों के मुताबिक, आरबीआई फरवरी एमपीसी में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रख सकता है। साथ ही, जीडीपी और महंगाई के अनुमान को भी यथावत रख सकता है। हालांकि, ईयू और अमेरिका से ट्रेड डील के बाद केंद्रीय बैंक की टिप्पणी अहम होगी।
इससे पहले आरबीआई ने दिसंबर में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कमी की थी।
ज्यादातर वैश्विक बाजारों में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता लाल निशान में थे, जबकि बैंकॉक हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना करीब एक प्रतिशत और चांदी करीब 5 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था।


