पंजाब चुनाव के नतीजे से आम आदमी पार्टी की जश्न में भंग
नई दिल्ली ! दिल्ली में आम आदमी पार्टी को जश्न के मौके की उम्मीद थी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर शामियाना, डीजे और पूरी सडक़ पर गुब्बारों के साथ रेड कारपेट स्वागत की तैयारी थी।

नई दिल्ली ! दिल्ली में आम आदमी पार्टी को जश्न के मौके की उम्मीद थी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर शामियाना, डीजे और पूरी सडक़ पर गुब्बारों के साथ रेड कारपेट स्वागत की तैयारी थी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सुबह सुबह, ट्वीट कर कहा, आज पंजाबियत का दिन है, पंजाब से एक नई सुबह का इंतजार। लेकिन चुनाव रूझान जैसे जैसे परिणाम में बदलते हुए आप विधायक जो केजरीवाल के आवास व पार्टी मुख्यालय की ओर पहुंच रहे थे जश्न के मूड से बाहर आ गए। पार्टी मुख्यालय पर भी गुब्बारों की सजावट, बड़ी स्क्रीन खुशियों की बजाय हार के दुख में बदल गईं। पंजाब और गोवा के चुनावी रुझानों ने पार्टी को झटका दिया तो जय हो गाने के साथ जीत के जश्न की तैयारी भी धरी रह गई। पंजाब में जहां पार्टी दूसरे नंबर पर पहुंच गई वहीं गोवा में भी पार्टी की जीत के दावे भी समुंद्र की लहरों के साथ बह गए। कांग्रेस के स्थान पर आप अपनी जीत का पूरा भरोसा जता रही थी और दोपहर 12 बजे तक कांग्रेस गोवा में सबसे बड़ी पार्टी बनी तो पंजाब में उसे पूर्ण बहुमत मिल गया। पंजाब में 117 सीटों पर 100 में आप जीत दर्ज करेगी यह दावा करने वाले भगवंत मान खुद अपना चुनाव हार गए सिर्फ वहीं नहीं बाकी मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी धराशाई हो गए। इसके बाद पार्टी के नेता संजय सिंह मीडिया के सामने आए और कहा कि आज अपेक्षा के मुताबिक परिणाम नहीं आए, हार स्वीकार करते हुए हैं। कुमार विश्वास ने भी भाजपा को बधाई देते हुए कहा कि हम अपनी गलती पर विचार करेंगे, विजय के हजार पिता होते हैं, हार की कोई मां नहीं होती। चुनाव हारने पर आत्ममंथन करेंगे, हम आगे भी अन्य राज्यों में लड़ेंगे साथ ही दिल्ली नगर निगम में दिल्ली सरकार के काम बताकर पूरे मन से लड़ेंगै। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी सामने आए और कहा कि जनता से जो वायदे कांग्रस ने किये हैं उम्मीद होगी कि उन्हें पूरा किया जाएगा। जनता को कांग्रेस में विकल्प दिखाई दिया, कार्यकर्ताओं का मन टूटा है, उनसे बात करेंगे और हार स्वीकार है, कल के लिए तैयार हैं। हालंाकि बजट सत्र के दौरान देशबन्धु से बातचीत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मतगणना के बाद पंजाब जाने आदि के कार्यक्रम पर कहा था परिणाम आने पर ही तय करेंगे। हां, जाना है और कैसे, कब यह परिणाम के बाद तय करेंगे। यह अटकलें तेज हो गई हैं कि 21 विधायकों को लाभ के पद के मामले में सदस्यता गंवानी पड़ सकती है।


