बूथ का कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़ है: केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बूथ का कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की रीढ़ है और इन्ही के बल पर दोबारा केन्द्र में पार्टी की सरकार बनेगी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बूथ का कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की रीढ़ है और इन्ही के बल पर दोबारा केन्द्र में पार्टी की सरकार बनेगी।
मौर्य ने फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र के मलाका में आयोजित भाजपा बूथ समिति कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में बुधवार को कहा कि कई पार्टी मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोकने में लगी हैं। वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव देश के लिए निर्णायक चुनाव है। कुछ पार्टी मोदी को रोकने में लगी हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा दोबारा सरकार बनायेगी।
उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में भाजपा की बूथ समितियों के अभिनन्दन का अभियान चल रहा है। बूथ समितियों के बल पर ही देश एवं प्रदेश में पार्टी की सरकार है। ये अभियान 10 नवंबर से शुरू हुआ है, जो 15 नवम्बर तक चलेगा। भाजपा की सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही एक लाख चालीस हजार बूथ समितियां हैं। बूथ का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती है। भाजपा देश के विकास की राजनीति पर विश्वास करती है। विकास से भाजपा को कोई हरा नहीं सकता।
उन्होंने कहा “हमें उम्मीद है कि 2019 में 300 से ज्यादा भाजपा के सांसद चुनाव विजय हासिल करेंगे। मोदी जी के विरोधियों के पास जनता नहीं है, नेता ही बचे हैं।” समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकारें लोगों का शोषण करने वाली थीं। इन्होंने न/न तो प्रदेश का विकास किया और न ही लोगों का, केवल सत्ता की चाह में लोगों को गुमराह करने का काम किया।
मौर्य ने कहा, गरीब और अमीर का यहीं अंतर है कि उसके पास पैसा है लेकिन गरीब के पास कुछ भी नहीं है। उसके पास सिर छिपाने के लिए छत नहीं, खाना बनाने के लिए गैस का चूल्हा नहीं, अपना और परिवार का उपचार कराने के लिए धन नहीं है। कांग्रेस ने केवल गरीबी हटाओ का नारा तो दिया लेकिन 70 साल में गरीबी नहीं हटी।
एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा,“ प्रयागराज अपने पुराने नाम को प्राप्त कर इतिहास में दर्ज हो गया है।” कुंभ को लेकर शहर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सूबे की योगी सरकार ने फैजाबाद का भी नाम बदलकर अयोध्या कर दिया है। आने वाले समय में बिजली के केबल अंडर ग्राउंड होंगीं। उन्होंने कहा कि सभी 75 जिलों का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। पहले अपराधियों का प्रदेश में साम्राज्य कायम था। जमीनों पर अवैध कब्जे किये गये थे जिन्हे मुक्त कराया गया। अब अपराधियों के हौसले पस्त हैं।


