Top
Begin typing your search above and press return to search.

मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का आंदोलन आज

किसान आक्रोश आंदोलन के नाम पर किए जा रहे प्रदर्शन का नेतृत्व भोपाल में विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव करेंगे।

मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा का आंदोलन आज
X

भोपाल । मध्यप्रदेश में किसानों की कर्जमाफी, प्राकृतिक आपदा से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने और बिजली बिलों संबंधी मामलों को लेकर आज मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की कमलनाथ सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।

किसान आक्रोश आंदोलन के नाम पर किए जा रहे प्रदर्शन का नेतृत्व भोपाल में विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव करेंगे। श्री भार्गव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सुबह ग्यारह बजे के आसपास कलेक्टर कार्यालय के समीप पहुंचेंगे।

इसी तरह प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह नरसिंहपुर में और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रीवा में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी विभिन्न जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। भाजपा का आरोप है कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने किसानों की कर्जमाफी का वादा पूरा नहीं किया है। किसान आत्महत्या तक के लिए मजबूर हैं। किसान हाल ही में अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण परेशान हुए हैं, लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें अभी तक मुआवजा मुहैया नहीं कराया है।

भाजपा का यह भी आरोप है कि वहीं आम लोगों के बिजली बिल भी वादे के अनुरूप कम नहीं किए गए हैं। उल्टे बढ़े हुए बिल देकर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। इन्हीं मुख्य मुद्दों को लेकर भाजपा ने आज के आंदोलन की घोषणा की है।

इस बीच प्रदेश पुलिस ने सभी जिलों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। सभी जिलों में आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राजधानी भोपाल में प्रशासन ने दो दिन पहले ही ऐहतियातन धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गयी है। राज्य के अन्य जिलों में भी ऐहतियातन कदम उठाए गए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it