Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा नेता डॉ मोहम्मद  मुस्लिम का निधन

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं पूर्व विधायक डा मोहम्मद मुस्लिम का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया

भाजपा नेता डॉ मोहम्मद  मुस्लिम का निधन
X

रायबरेली । उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं पूर्व विधायक डा मोहम्मद मुस्लिम का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

डा मुस्लिम ने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में तड़के करीब ढाई बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से ह्रदयरोग, मधुमेह और किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। पिछले दिनो उनका हालचाल लेने योगी सरकार के राज्यमंत्री मोहसिन रजा और अन्य राजनीतिज्ञ अस्पताल आये थे। इसी साल भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले डा मुस्लिम ने लोकसभा चुनाव में अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी थी।

जिले में डलमऊ तहसील के बहाई गांव निवासी डा मुस्लिम वर्ष 1996 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर तिलोई विधानसभा से विधायक चुने गए जबकि 2012 के विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर इसी क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले डॉ मुस्लिम कांग्रेस छोड़कर बसपा के साथ चले गए थे। बसपा सुप्रीमो मायावती ने उनके बेटे को विधानसभा का टिकट दिया था, जो बीजेपी के प्रत्याशी से हार गए थे।

उत्तर प्रदेश के अमेठी में बड़ा मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले डॉ. मोहम्मद मुस्लिम ने तीन अप्रैल 2019 को बहुजन समाज पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को अमेठी में जीत दिलाने में उन्होने अहम भूमिका अदा की थी जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि उनको पारितोषिक के तौर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी से नवाजा जाएगा।

रायबरेली के मूल निवासी होने के बावजूद अमेठी से सियासत करने वाले डा मुस्लिम ने साकिन का पुरवा में काफी समय डॉक्टरी भी की थी, इन्होंने अपनी माता के नाम पर शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की जिसमे पब्लिक स्कूल व डिग्री कालेज आदि की नींव डाली।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it