भाजपा सरकार पांच वर्ष के कार्यकाल में पचास वर्ष का काम करने जा रही: कोश्यारी
उत्तराखण्ड में नैनीताल-उधमसिंह नगर से सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार पांच वर्ष के कार्यकाल में पचास वर्ष का काम करने जा रही है।

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में नैनीताल-उधमसिंह नगर से सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की सरकार पांच वर्ष के कार्यकाल में पचास वर्ष का काम करने जा रही है।
कोश्यारी यहां विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के सहयोग से पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र काठगोदाम का औपचारिक उदघाटन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डाकघरों में पासपोर्ट बनाने की सुविधा देने के केन्द्र सरकार के इस नवीन प्रयोग से अब गरीब व्यक्ति भी देश में उपलब्ध सस्ती हवाई यात्रा का लाभ ले सकेगा तथा डाकघरों में सुगमता से पासपोर्ट बनावा सकेगा।
उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में तीन पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोलने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का आभार जताते हुए कहा कि पहली बार अब लग रहा है कि सरकार जनता के द्वार है।
उत्तराखण्ड परिमण्डल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनय कुमार तिवारी ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने देश के दूरस्थ क्षेत्रों में भारतीय डाक विभाग की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए डाकघरों में पासपोर्ट जारी एवं नवीनीकरण करने की सुविधा प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि पासपोर्ट बनाने हेतु आधार कार्ड की प्रारम्भिक अनिवार्यता को मद्देनजर रखते हुए भारतीय डाक विभाग उत्तराखण्ड परिमण्डल में 214 आधार पंजीकरण केन्द्र यथाशीध्र शुरु करने जा रहा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा ने बताया कि केन्द्र सरकार ने पचास किलोमीटर के फासले पर एक पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोलने का निर्णय लिया है।
कुमाऊं मण्डल में अब तक अल्मोड़ा,रुद्रपुर और हल्द्वानी में पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जा चुके हैं।
नैनीताल में भी आज से पासपोर्ट सेवा केन्द्र कार्य करने लगेगा।


