केंद्रीय विवि देश के श्रेष्ठ 200 विश्वविद्यालयों में शामिल
बिलासपुर ! गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय का नाम अब देश के उन प्रतिष्ठित 200 उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में शामिल हो गया है जिसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने जारी किया है।

बिलासपुर ! गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय का नाम अब देश के उन प्रतिष्ठित 200 उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में शामिल हो गया है जिसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने जारी किया है। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क की जारी ताजा रैंकिंग में छत्तीसगढ़ का एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय देश के प्रथम 200 विश्वविद्यालयों की सूची में स्थान पाने में सफल रहा है।
वर्ष 2016-17 के लिए जारी हुई रैंकिग में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय को 151 से 200 के बैंड में शामिल होने की उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। वर्ष 2015-16 की रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालय का नाम नहीं था। यह रैंकिंग तब हासिल हुई है जबकि वर्ष 2013-14 एवं 2014-15 में लंबे अर्से तक विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति ना होने के कारण वित्तीय संसाधन के उपयोग, नये विभागीय भवनों का निर्माण कार्य, नियमित नियुक्तियां इत्यादि से विकास की गति एकदम रुक सी गई थी। और जिसका बड़ा प्रभाव वर्तमान रैंकिंग पर पड़ा है।
कुलपति प्रोफेसर अंजिला गुप्ता के सतत् प्रयासों एवं अथक परिश्रम के द्वारा विश्वविद्यालय देश के चोटी के 100 विश्वविद्यालयों में 2018 में पहंचने हेतु प्रयास कर रहा है। रैंकिंग में सुधार हेतु नियमित शिक्षकों की नियुक्ति पर समुचित ध्यान दिया जा रहा है साथ ही आधारभूत सुविधाएं को जुटाने भरपूर प्रयास किये जा रहे हैं। विश्वविद्यालय में बनकर तैयार इमारतों का हस्तांतरण, केंटीन एवं विभागों के लिए नई बिल्डिंग के लिए ड्रांइग डिजाइन आदि पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसके अलावा छात्रों को मिलने वाली अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने का भी भरपूर प्रयास किया जा रहा है।
यह भी उल्लेख करना समाचीन है कि एनआईआरएफ जिन मानकों पर रैंकिंग तैयार करता है उनमें शिक्षण, शोध, छात्रों के प्लेसमेंट, उच्च शिक्षा एवं शिक्षण की पहुंच के साथ विश्वविद्यालय का सामाजिक स्थान अहम हैं। खासबात यह है कि इसमें शोध एवं शिक्षण के क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय के पैरामीटर शीर्ष 100 विश्वविद्यालय के लगभग अनुरूप हैं।
देश का 7 वां श्रेष्ठ टीचिंग एंड लर्निंग विभाग है फॉर्मेसी विभाग
गुरुघासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय का फार्मेसी विभाग देश के श्रेष्ठ टीचिंग एंड लर्निग फॉर्मेसी संस्थानों, विश्वविद्यालयों की सूची में 7 वें स्थान पर है एवं समग्र रुप से 35वें स्थान पर है जो विश्वविद्यालय के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि एवं गौरव का विषय है। विश्वविद्यालय का फॉर्मेसी विभाग छत्तीसगढ़ का एकमात्र विभाग है जो एनआईआरएफ की रैंकिंग में शामिल है।
फॉर्मेसी विभाग की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रोफेसर अंजिला गुप्ता ने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि हमने तब करके दिखाया है जबकि हमारे पास सीमित साधन एवं संसाधन हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आगामी शैक्षणिक वर्ष में केन्द्रीय विश्वविद्यालय में हुए विकास के कार्यों की सही तस्वीर हम रख पाएंगे जिससे हमारे विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमके।
फॉर्मेसी विभाग में लगातार उन्नयन के कार्य हुए हैं जिनमें लैबों का उन्नयन एवं फर्नीचर जैसी सुविधाएं अहम हैं। इसी विभाग के दो शिक्षक देश की जानी मानी रमन फैलोशिप पर अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में कार्य कर रहे हैं। इन शिक्षकों के उच्च शोध का लाभ भी विभाग को मिलेगा ताकि यह संस्थान आने वाले वर्ष में देश के 10 प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल हो सके।


