Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा को हराने वाले राजनीतिक दलों के साथ राजद: सुधाकर सिंह

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद सुधाकर सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा कि हमारी पार्टी उन दलों के साथ है, जो भाजपा को हराना चाहते हैं

भाजपा को हराने वाले राजनीतिक दलों के साथ राजद: सुधाकर सिंह
X

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद सुधाकर सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा कि हमारी पार्टी उन दलों के साथ है, जो भाजपा को हराना चाहते हैं।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान को लेकर सोमवार देर शाम चुनाव प्रचार का शोर थम गया। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि बंगाल की जनता भाजपा को ऐसा जवाब देगी कि किसी दूसरे राज्य में बेईमानी करने से पहले 10 बार सोचेगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान किन संदर्भों में है, वह उसकी व्याख्या करेंगे, लेकिन बंगाल में आतंक कौन मचा रहा है? यह सभी लोगों को दिखाई दे रहा है। राष्ट्रीय जनता दल, इंडिया गठबंधन के साथ हमेशा खड़ा रहा। हमारा केंद्रीय समझौता निश्चित तौर पर कांग्रेस के साथ दिल्ली में है, लेकिन राज्य स्तर पर हमारा टीएमसी, यूपी में समाजवादी पार्टी, तमिलनाडु में डीएमके और केरल में कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौता है। यह पुराना समझौता है, इसमें कोई सुविधा के लिए नहीं है। भाजपा को जो हराएगा, हम उसके साथ खड़े हैं।

ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई धमकी पर राजद सांसद ने कहा कि ट्रंप के बयान ऐसे प्रतीत होते हैं जैसे कि ब्लॉक स्तर के नेता देते हैं। ट्रंप के बयान को दुनिया में कोई गंभीरता से नहीं लेता है। अगर देखें तो पिछले कई दिनों में वे कई बार ईरान को नष्ट करने की बात कह चुके हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के लोकतत्र को नष्ट कर रहे हैं।

उन्होंने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज पर दिए गए बयान पर कहा कि ये धार्मिक गुरु कहां से हैं, ये तो कॉरपोरेट गुरु हैं। धार्मिक गुरु नहीं, आजकल के जमाने में टीवी चैनलों पर कॉरपोरेट गुरु बने हुए हैं। इस तरीके से ये लोग बोलते रहते हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर टीआरपी के लिए ऐसे बयान दिए जाते हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में कोई बयान दे तो कल ये भगवान राम या कृष्ण के नाम पर भी बयान दे देंगे। ये गुरु नहीं, बल्कि ये कॉरपोरेट मीडिया के बनाए हुए लोग हैं।

भाजपा नेता किरीट सोमैया के बयान पर सुधाकर सिंह ने कहा कि जमीन किसी की भी हो, बच्चे पढ़ रहे हैं तो इस तरह के बयान का क्या मतलब है। किरीट सोमैया शिक्षा-विरोधी लोग हैं।

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के बुलडोजर वाले बयान पर राजद सांसद ने कहा कि उन्हें गरीबी, महंगाई, शिक्षा, और स्वास्थ्य पर काम करना चाहिए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it