Top
Begin typing your search above and press return to search.

वैशाली नाव हादसे पर पीएम मोदी दुखी, 13 मासूमों की मौत से पसरा मातम

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है

वैशाली नाव हादसे पर पीएम मोदी दुखी, 13 मासूमों की मौत से पसरा मातम
X

भोज में जा रहे बच्चों को निगली गंगा, 13 मौतों पर पीएम ने जताया शोक

पटना। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा गया कि वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।

इससे पहले बिहार सरकार भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि मंगलवार देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार बच्चे गंगा नदी में डूब गए।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से चलाए गए बचाव अभियान में अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है।

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it