Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिहार के नवादा में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी नहीं, प्रशासन कर रहा सतत निगरानी

बिहार के नवादा जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता व आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राज कुमार सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की स्थिति पूर्णतः सामान्य है

बिहार के नवादा में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी नहीं, प्रशासन कर रहा सतत निगरानी
X

नवादा। बिहार के नवादा जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता व आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राज कुमार सिन्हा ने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की स्थिति पूर्णतः सामान्य है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। सभी संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कंपनियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14.2 किलोग्राम श्रेणी के कुल 12418 एलपीजी गैस सिलेंडर वर्तमान में जिले में उपलब्ध हैं। इनमें एचपीसीएल के 3323, बीपीसीएल के 6291 और आईओसीएल के 2804 गैस सिलेंडर शामिल हैं। यह उपलब्धता जिले की वर्तमान मांग के अनुरूप पर्याप्त मानी जा रही है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी गैस उपभोक्ताओं को डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वितरण प्रणाली सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर प्राप्त हो तथा वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।

जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कर्मियों की तैनाती की गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या पर अब तक कुल 250 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 215 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा जमाखोरी व कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों में धावा दलों का गठन किया गया है। इन धावा दलों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थाना के पदाधिकारी शामिल हैं। इन दलों द्वारा नियमित रूप से गैस एजेंसियों के गोदामों का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रित, व्यवस्थित व पर्याप्त है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों पर ध्यान न दें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it