Top
Begin typing your search above and press return to search.

झारखंड: राशन दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का धंधा, विदेशी शराब-बीयर जब्त की

झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर गांव में राशन दुकान की आड़ में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने के बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 237 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की है।

झारखंड: राशन दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का धंधा, विदेशी शराब-बीयर जब्त की
X

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर गांव में राशन दुकान की आड़ में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने के बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 237 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। मामले में आरोपी दीपक जायसवाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुमला पुलिस अधीक्षक को प्रेमनगर में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद श्रुति अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने शनिवार रात प्रेमनगर स्थित दीपक जायसवाल की राशन दुकान सह मकान में छापा मारा। छापेमारी के दौरान राशन दुकान के अंदर बने एक कमरे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब में करीब 103 लीटर बीयर भी शामिल है। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस टीम को देखकर आरोपी दीपक जायसवाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस मामले में चैनपुर थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 274/292 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अवैध शराब बिक्री के कारण दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों और बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब्त शराब असली है या नकली, इसकी पुष्टि एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब कारोबार या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को गुप्त सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

छापेमारी दल में अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र मंडल, सहायक अवर निरीक्षक धर्मपाल, संतोष लुगुन तथा चैनपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it