Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिहार: कटिहार सड़क हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की मांग

बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई

बिहार: कटिहार सड़क हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की मांग
X

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर दुख जताया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

तेजस्वी यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता तथा अविलंब घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध करें। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुई। इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। कटिहार पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि आज शनिवार को कटिहार जिले के थाना कोढ़ा क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें अब तक 10 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। दुर्घटना में घायल लगभग 25 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है। इधर, सभी शवों को पुलिस अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंच गई और राहत और बचाव में जुट गई।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it