Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिहार: सोन नदी में स्नान करने गए चार युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को सोन नदी में डूबने से चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में तीन किशोर और एक 25 वर्षीय युवक शामिल हैं। घटना संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थ कोल गांव की है।

बिहार: सोन नदी में स्नान करने गए चार युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम
X

आरा। बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को सोन नदी में डूबने से चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में तीन किशोर और एक 25 वर्षीय युवक शामिल हैं। घटना संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थ कोल गांव की है।

पुलिस के अनुसार, चारों युवक सोन नदी के घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में चौथा युवक भी नदी में डूब गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान आकाश कुमार (15), प्रेम कुमार (10), सिद्धांत कुमार (16) और सुधीर कुमार (25) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर सोन नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। तीनों को संकट में देखकर सुधीर कुमार उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। हालांकि, इस कोशिश में वह भी पानी में डूब गए। देखते ही देखते चारों युवक नदी में समा गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रशासन और बचाव दल की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 सुशील कुमार ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने सोन नदी से चारों के शव बरामद कर लिए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी में स्नान के दौरान होने वाले हादसों और गहरे पानी में उतरने के खतरों को सामने ला दिया है। खासकर नदियों के घाटों पर पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं होने के कारण ऐसे हादसे जानलेवा साबित होते हैं। एक ही गांव के चार युवकों की मौत से तीर्थ कोल गांव में शोक का माहौल है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it