Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीएम सम्राट ने गयाजी में मैन्युफैक्चरिंग सिटी का किया शुभारंभ, 16,500 करोड़ के निवेश और 1.10 लाख रोजगार के अवसरों की उम्मीद

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बोधगया में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के कर्टेन रेजर समारोह की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब उद्योगों के विकास के लिए पूरी तरह तैयार है और निवेशकों को राज्य के प्रति अपनी सोच बदलनी चाहिए।

सीएम सम्राट ने गयाजी में मैन्युफैक्चरिंग सिटी का किया शुभारंभ, 16,500 करोड़ के निवेश और 1.10 लाख रोजगार के अवसरों की उम्मीद
X

गयाजी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बोधगया में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के कर्टेन रेजर समारोह की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब उद्योगों के विकास के लिए पूरी तरह तैयार है और निवेशकों को राज्य के प्रति अपनी सोच बदलनी चाहिए।

गयाजी के डोभी प्रखंड में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत लगभग 1,670 एकड़ में विकसित होने वाली इस औद्योगिक नगरी में करीब 16,500 करोड़ रुपये के निवेश की क्षमता है। इससे लगभग एक लाख 10 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक नगरी का प्रतीक चिह्न जारी करने के साथ इसकी वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और रोजगार सृजन के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना और युवाओं के लिए बिहार में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल समझौता ज्ञापनों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर उत्पादन और रोजगार सुनिश्चित करना चाहती है। उन्होंने बताया कि उद्योगों और आधारभूत संरचना के विकास के लिए लगभग 13,500 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी तक पूरा करने की संभावना है। औद्योगिक विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में देश का बड़ा पेय पदार्थ बोतलबंदी संयंत्र स्थापित हुआ है और इस्पात संयंत्र भी लगाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गया और बोधगया की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए मगध के नाम पर टाउनशिप और सांस्कृतिक विरासत केंद्र विकसित किए जाएंगे। इससे पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने गया को दुबई और काठमांडू से हवाई मार्ग द्वारा जोड़ने की योजना का भी उल्लेख किया। भागलपुर और सोनपुर सहित अन्य क्षेत्रों में हवाई संपर्क के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस्पात, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण, अर्धचालक, इलेक्ट्रॉनिक्स, विद्युत वाहन, वाहन निर्माण और जैव ईंधन जैसे क्षेत्रों में बिहार में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। इससे युवाओं को अपने प्रदेश में ही रोजगार मिलने के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी बिहारियों से अपनी मातृभूमि से जुड़े रहने और राज्य के औद्योगिक विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिहार फाउंडेशन के माध्यम से 55 देशों के लोगों से जुड़ाव है। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन 17 और 18 फरवरी 2027 को होगा।

समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विदेशी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it