Top
Begin typing your search above and press return to search.

भागलपुर: बिहार दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक, 22-23 मार्च को होगा आयोजन

बिहार के भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई

भागलपुर: बिहार दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक, 22-23 मार्च को होगा आयोजन
X

भागलपुर। बिहार के भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पिछले साल के आयोजन की समीक्षा की गई और इस बार के कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी जिला सामान्य शाखा ने पिछले वर्ष के बिहार दिवस की कार्यवाही पढ़कर सुनाई। इस बार बिहार दिवस 22 और 23 मार्च को सैंडिस कंपाउंड में मनाया जाएगा। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यंजन मेला, और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉल पर विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम लोग सरकार की योजनाओं से जुड़ सकें।

शिक्षण संस्थानों में निबंध, वाद-विवाद, चित्रकला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, भागलपुर के उन विद्यार्थियों और व्यक्तियों को भी सम्मान दिया जाएगा जिन्होंने किसी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया है। जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

बिहार दिवस के मौके पर स्कूली बच्चों को जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे बिहार की समृद्ध विरासत से जुड़ सकें।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम तुरंत पूरा करें। 22 और 23 मार्च को सभी सरकारी कार्यालयों को नीले प्रकाश से सजाया जाएगा। एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और अन्य संस्थाओं के सदस्यों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था राकेश रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि और जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रतन कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार दिवस राज्य की संस्कृति, इतिहास और विकास को लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग करें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it