भागवत छह प्रांतों के संघ पदाधिकारियों से करेंगे आगामी चुनावों को लेकर मंत्रणा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सोमवार देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच तीन दिवसीय दौरे पर जालंधर पहुंचे

जालंधर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सोमवार देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच तीन दिवसीय दौरे पर जालंधर पहुंचे।
इस दौरान वह छह प्रांतों के संघ प्रचारकों के साथ बैठकें भी करेंगे तथा कई विषयों पर मंथन होगा और आगामी चुनावों को लेकर भी इस दौरान विचार-विमर्श किये जाने की संभावना है।
संघ सूत्रों अनुसार भागवत संघ के उत्तरी क्षेत्रों दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के संघ पदाधिकारियों से दो दिन तक बैठकें करेंगे। इस दौरान आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा होगी। श्री भागवत रेलवे स्टेशन से सीधे सूर्या एन्क्लेव के पास स्थित विद्या धाम पहुंचे जहां उनके प्रवास का प्रबंध किया गया है। इस दौरान उन्होंने किसी से भी बात नहीं की।
संघ प्रमुख के पहुंचने से पहले ही विद्या धाम को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। विद्या धाम में प्रवेश की अनुमति केवल उन्हीं कार्यकर्ताओं को है जिनके नाम पहले से ही पुलिस अधिकारियों के पास हैं। मीडिया तथा भाजपा नेताओं को भी श्री भागवत के इस दौरे से दूर ही रखा गया है। उनकी सुरक्षा को देखते हुए विद्या धाम के हॉल और गैलरी के बाहरी हिस्सों पर पर्दे लगा दिए गए हैं ताकि किसी को भी पता नहीं चले की अंदर क्या चल रहा है।
भागवत सोमवार शाम शताब्दी एक्सप्रेस से सिटी रेलवे स्टेशन पहुँचे। उनके आने की सूचना मिलते ही ज़िला पुलिस, रेलवे पुलिस के इलावा अलग अलग एजेंसियां चौकस हो गयीं। सिटी स्टेशन पुलिस छावनी में तबदील हो गया। उन्हें हालांकि देर रात रेलवे स्टेशन पहुँचना था लेकिन शाम को ही स्टेशन पुलिस छावनी में तबदील हो गया था।
फिल्लौर से लेकर जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के बीच के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षा प्रबंधों को पुख़्ता करने के लिए ज़िले के पुलिस अधीक्षक परमिन्दर सिंह भंडाल के इलावा कई थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ डटे रहे। ट्रेन से उतरने के बाद उनको सुरक्षा के घेरे में बाहर तक लाया गया, जिसके बाद काफिले में विद्या धाम के लिए रवाना हुए।


