Top
Begin typing your search above and press return to search.

“बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत धोखाधड़ी का मामला सामने आया

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ में नकद धन दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी करने के मामले दिल्ली के कुछ इलाकों में भी सामने आए हैं

“बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत धोखाधड़ी का मामला सामने आया
X

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ में नकद धन दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी करने के मामले दिल्ली के कुछ इलाकों में भी सामने आए हैं।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने आज यहां बताया कि योजना के नाम पर धोखाधड़ी की जानकारी दिल्ली से भी प्राप्त हुई है। इनमें टीकरी, भट्टी खुर्द, दक्षिणपुरी एक्सटेंशन, संगम विहार, संजय कालोनी, सरिता विहार, आदर्श नगर और जेजे कालोनी शामिल है।

सरकार की जानकारी में आया है कि कुछ अनधिकृत तत्व ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत नकद प्रोत्साहन देने के नाम पर गैर-कानूनी प्रारूपों का वितरण कर रहे हैं। इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब और बिहार की सरकारों के संबंधित अधिकारियों के समक्ष यह मामला उठाया है।

मंत्रालय ने कहा है कि इस संबंध में कोई भी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं की जानी चाहिए। इसके अलावा किसी को भी इस तरह की धोखाधड़ी वाली योजनाओं से नहीं जुड़ना चाहिए और ऐसे किसी फर्जी प्रपत्र को महिला और बाल विकास मंत्रालय या अन्य किसी सरकारी विभाग को नहीं भेजा जाना चाहिए। मामले की गंभीरता और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले को जांच करने के लिए सीबीआई के हवाले किया जा चुका है।

‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के नाम पर धोखाधड़ी एक गंभीर विषय है और इसकी जानकारी निकट के पुलिस स्टेशन और संबंधित जिलाधिकारी को देनी चाहिए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि योजना के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति के लिए किसी तरह के नकद प्रोत्साहन का प्रावधान नहीं है। इसमें नारी सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। यह डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) योजना नहीं है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it