Top
Begin typing your search above and press return to search.

अवनि प्रशांत ऑस्ट्रेलियन मास्टर उप-विजेता ट्रॉफी हासिल करने वाली पहली भारतीय गोल्फ खिलाड़ी बनी

भारतीय एमेच्योर गोल्फर अवनि प्रशांत साल की बेहतरीन शुरुआत करते हुए ऑस्ट्रेलियन मास्टर के अंतिम दौर में 3-अंडर 70 के शानदार स्कोर के साथ उप-विजेता की ट्रॉफी हासिल करने वाली भारत की पहली गोल्फ खिलाड़ी बन गई हैं

अवनि प्रशांत ऑस्ट्रेलियन मास्टर उप-विजेता ट्रॉफी हासिल करने वाली पहली भारतीय गोल्फ खिलाड़ी बनी
X

मेलबर्न। भारतीय एमेच्योर गोल्फर अवनि प्रशांत साल की बेहतरीन शुरुआत करते हुए ऑस्ट्रेलियन मास्टर के अंतिम दौर में 3-अंडर 70 के शानदार स्कोर के साथ उप-विजेता की ट्रॉफी हासिल करने वाली भारत की पहली गोल्फ खिलाड़ी बन गई हैं।

अवनि से पहले किसी भारतीय गोल्फर ने ऑस्ट्रेलियन मास्टर में इतना शानदार प्रदर्शन नहीं किया था। अवनि पिछले साल इसी प्रतियोगिता में छठे स्थान पर रही थी।

हालांकि शुरुआत से ही अच्छा खेल रही अवनि, मेलबर्न के साउदर्न गोल्फ क्लब में अंतिम राउन्ड में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार नहीं रख सकी और फिलीपींस की रियान मिखाएला मालिक्सी से एक शॉट पीछे हो गई। अवनि ने चौथे और अंतिम राउंड को कुल 6-अंडर के साथ समाप्त किया जबकि ट्रॉफी जीतने वाली 16 वर्षीय मालिक्सी ने 4-अंडर 69 के स्कोर के साथ अंतिम राउन्ड समाप्त किया।

अवनी ने पार-73 में 6-अंडर 286 के लिए 71-68-77-70 का राउंड हासिल किया, जबकि मालिक्सी ने 70-72-74-69 के साथ कुल 7-अंडर 285 का स्कोर हासिल किया। जापान के नीका इतो, जो पहले दो राउंड के बाद आगे चल रही थी, 68-70-78-71 के साथ 5-अंडर 287 का स्कोर लेकर तीसरे स्थान पर रही। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लायन हिगो 71-71-70-76 के कार्ड के साथ चौथे स्थान पर रहीं।

मालिक्सी और अवनि अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलियाई एमेच्योर और फिर फरवरी की शुरुआत में थाईलैंड में महिला एमेच्योर एशिया-प्रशांत में फिर से आमने सामने होंगी।

अपनी शानदार उपलब्धि के बाद अवनि ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक अच्छा सप्ताह था। आज मैं जीत हासिल करने के लिए खुद को बहुत अच्छी स्थिति ले आई थी, लेकिन मैंने इसे पूरी तरह खत्म नहीं किया। मैं ज्यादा शिकायत नहीं कर सकती, लेकिन तीसरे दौर में मेरा दिन अच्छा नहीं रहा जिसके कारण मैं पीछे हो गई। जिस तरह से साल की शुरुआत हुई है, मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं एक बहुत ही रोमांचक पहली तिमाही का इंतजार कर रही हूं जब मैं ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड, केन्या और अमेरिका में शीर्ष श्रेणी के एमेच्योर और प्रो टूर्नामेंट खेलूंगी।''


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it