अलीगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के देहली गेट क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में दस हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया

अलीगढ़ । उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के देहली गेट क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में दस हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया,जिसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात मथुरा रोड बाईपास पर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में फरार चल रहा हिस्ट्रीशीटर इरशाद उर्फ भूरा घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि इसके दो साथी भागने में सफल रहे। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है । उन्होंने बताया कि भूरा के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गये हैं ।
उन्होंने बताया कि इस बदमाश का कोई स्थाई ठिकाना नहीं है और मूल रुप से यह छर्रा इलाके के भीकमपुर गांव का रहने वाला है । फिलहाल यह बदमाश सिविल लाइन इलाके में हमदर्द नगर और देहली गेट के मामूद नगर में भी रहता है। उन्होंने बताया कि देहली गेट क्षेत्र में गत 12 जनवरी को ताला कारोबारी मशकूर से करीब सवार दो लाख रुपये की लूट हुई थी। इरशाद उर्फ भूरा और इसके साथी लूट की वारदार में वांछित हैं। इस बदमाश के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।


