नेतन्याहू ने भारतीय पायलट को बताया असली हीरो, 174 यात्रियों की बचाई जान

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी की जमकर सराहना की है;

Update: 2026-10-01 01:45 GMT

चाकू के हमले के बाद भी नहीं हारे कैप्टन स्मित मच्छार, नेतन्याहू ने किया सलाम

  • खून से लथपथ होकर भी बचाईं 174 जिंदगियां, भारतीय पायलट की बहादुरी पर दुनिया नतमस्तक
  • जान पर खेलकर रोकी विमान हादसे की साजिश, भारतीय पायलट को नेतन्याहू का बड़ा सम्मान

येरूशलेम। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी की जमकर सराहना की है।

श्री नेतन्याहू ने 'एक्स'' पर लिखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान पर खेलकर 174 लोगों की जान बचायी। उन्होंने भारतीय पायलट को 'सच्चा हीरो' बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

श्री नेतन्याहू ने अपने 'एक्स'' पर भारतीय पायलट की प्रशंसा में लिखा, "मैं असाधारण बहादुरी के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम करता हूं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने लड़ाई लड़ी, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों एवं क्रू को हमलावर को काबू करने में मदद की। उन्होंने 174 लोगों की जान बचायी। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं, वे एक सच्चे हीरो हैं।"

गौरतलब है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई में उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया था और विमान को क्रैश करने का प्रयास किया था। बुरी तरह लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर से मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और केबिन क्रू को कॉकपिट के अंदर आकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला।

घटना के बाद विमान की सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करायी गयी, जहां कैप्टन का इलाज जारी है।

Similar News