ट्रंप प्रशासन का बड़ा कदम : 2 लाख विदेशियों के वीजा रद्द करने की तैयारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने वीजा और इमिग्रेशन नियमों को सख्त करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है।;
2016 से 2026 तक जारी B1-B2 वीजा निशाने पर
- शरण मांगने वालों का बिजनेस-टूरिज्म दर्जा खत्म
- वीजा रद्द, लेकिन देश से तुरंत निकाला नहीं जाएगा
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने वीजा और इमिग्रेशन नियमों को सख्त करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। सरकार उन करीब 2 लाख विदेशियों के बिजनेस और टूरिज्म वीजा रद्द करने की तैयारी कर रही है, जिन्होंने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन किया है या शरण पाने की कोशिश कर रहे हैं।
विदेश विभाग की योजना
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इस कदम की घोषणा कर सकता है। इसमें 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा शामिल होंगे। ये वीजा उन लोगों को दिए गए थे जो विजिटर के तौर पर अमेरिका आए थे लेकिन बाद में शरण की अर्जी दाखिल कर दी।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ मिलकर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनके नॉन-इमिग्रेंट वीजा रद्द किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रद्द किए जाने वाले वीजा की संख्या समय के साथ बदल सकती है।
देश से तुरंत निकाला नहीं जाएगा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि लोगों को तुरंत देश से बाहर भेज दिया जाएगा। जिनके शरण के मामले लंबित हैं, वे अपने दावे पर आगे बढ़ सकते हैं, लेकिन बिजनेस या टूरिज्म विजिटर का दर्जा खो देंगे।
यह कदम ट्रंप प्रशासन की उस व्यापक नीति का हिस्सा है जिसके तहत दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही वीजा और इमिग्रेशन नियमों को और सख्त किया जा रहा है।