गिनी की राजधानी कोनाक्री में कचरे का पहाड़ ढहा, 22 लोगों की मौत
पश्चिम अफ्रीका के देश गिनी में रविवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। राजधानी कोनाक्री के सबसे बड़े डंपिंग यार्ड में कचरे का विशाल ढेर भारी बारिश के बाद भरभराकर गिर पड़ा;
कोनाक्री डंपिंग यार्ड में बड़ा हादसा
- भारी बारिश से झोपड़ियां मलबे में दब गईं
- सरकार ने यार्ड बंद करने से पहले ही हादसा
- प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा
कोनाक्री। पश्चिम अफ्रीका के देश गिनी में रविवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। राजधानी कोनाक्री के सबसे बड़े डंपिंग यार्ड में कचरे का विशाल ढेर भारी बारिश के बाद भरभराकर गिर पड़ा। इस मलबे में दबकर कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा
रविवार सुबह करीब 3 बजे तेज बारिश के कारण दार एस सलाम इलाके में बने कचरे के पहाड़ में दरार आ गई। देखते ही देखते पूरा ढेर गिर पड़ा और आसपास की झोपड़ियों व कच्चे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोग संभल भी नहीं पाए और मलबे में दब गए।
बचाव अभियान जारी
सूचना मिलते ही प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों को मौके पर भेजा। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। अब तक 22 शव निकाले जा चुके हैं और कई घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
साइट बंद करने की थी तैयारी
बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बैलो ने बताया कि यह डंपिंग यार्ड पहले से ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था। सरकार ने इसे रविवार को बंद करने का फैसला किया था, लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। आसपास रहने वाले लोगों को बेदखली के नोटिस दिए गए थे, फिर भी कई परिवार वहीं रह रहे थे और हादसे का शिकार बन गए।
सरकार का बयान
घटना के बाद क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री दीनाबू तोरे ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।