बलूचिस्तान में हिंसा का दौर जारी: BLA के हमलों में 40 पाकिस्तानी सैनिक ढेर, पाक सेना पर 4 नागरिकों की हत्या का आरोप

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कई क्षेत्रों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए 25 सिलसिलेवार हमलों की जिम्मेदारी ली है। अलगाववादी संगठन BLA का दावा है कि इन हमलों में कम से कम 40 पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं।;

Update: 2026-11-06 04:38 GMT

क्वेटा: Balochistan violence: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में पिछले कुछ दिनों के भीतर हिंसा की भयावह घटनाएं सामने आई हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कई क्षेत्रों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए 25 सिलसिलेवार हमलों की जिम्मेदारी ली है। अलगाववादी संगठन BLA का दावा है कि इन हमलों में कम से कम 40 पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके साथ ही एक मानवाधिकार संगठन ने पाकिस्तानी सेना पर चार निर्दोष नागरिकों की फर्जी मुठभेड़ और गैर-न्यायिक हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

26 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच 25 बड़े हमले

बीएलए (BLA) के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि 26 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच उनके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों, खुफिया एजेंटों और सेना द्वारा समर्थित सशस्त्र समूहों (जिन्हें BLA ने "मौत के दस्ते" करार दिया है) पर लक्षित हमले किए। इस दौरान सेना के कई रसद और परिवहन वाहनों को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया।

3 नवंबर के हमले: BLA लड़ाकों ने खरान जिले में पाकिस्तानी सेना के दो वाहनों पर हमला किया और उसी रात नौरोज कलात में एक अन्य सैन्य काफिले को निशाना बनाया। जोमी में हुए हमले में 3 सैनिक मारे गए।

2 नवंबर के हमले: अहमद वाल और मस्तुंग इलाकों में BLA ने जिम्मेदारी लेते हुए हमले किए। मस्तुंग के मुख्य राजमार्ग पर मदीना होटल के पास सैन्य काफिले पर हुए हमले में 4 से अधिक सैनिक मारे गए और कई घायल हुए।

खुजदार और वाशुक में किए गए हमले

बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में पाकिस्तानी सेना के बड़े काफिलों को निशाना बनाया गया, जिससे सुरक्षा बलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खुजदार में बड़ा हमला (26 अक्टूबर): खुजदार के करख इलाके में 30 से अधिक वाहनों वाले पाकिस्तानी सेना के एक बड़े काफिले पर BLA के लड़ाकों ने घात लगाकर हमला किया। इस भीषण हमले में 9 से अधिक सैनिक मारे गए और कई अन्य बुरी तरह घायल हुए।

वाशुक जिला (28 अक्टूबर): वाशुक जिले के साजिद इलाके के पास से गुजर रहे सैन्य काफिले पर हमला कर 4 जवानों को मौत के घाट उतार दिया गया।

अहमद वाल और नोशकी (30 अक्टूबर): नोशकी के अहमद वाल क्षेत्र स्थित मुख्य सैन्य शिविर पर भारी हथियारों से हमला किया गया। इसके अलावा, 30 अक्टूबर को सैन्य ट्रकों के काफिले पर हमले में 2 जवान मारे गए और एक ट्रक पूरी तरह से नष्ट हो गया।

पाकिस्तानी बलों पर गैर-न्यायिक हत्या का आरोप

एक तरफ जहां सुरक्षा बलों पर हमले बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय बलूच नागरिकों पर सेना के अत्याचारों की खबरें भी लगातार आ रही हैं। प्रमुख मानवाधिकार संगठन 'बलूच यकजेहती कमेटी' (BYC) ने पाकिस्तानी बलों पर कम से कम चार निर्दोष नागरिकों की गैर-न्यायिक हत्या (Extrajudicial Killings) करने का आरोप लगाया है। BYC के अनुसार दुकानदार इलाही बख्श और चालक मुनीर अहमद को हिरासत में लेने के बाद मार दिया गया और उनके शव 2 नवंबर को नाल क्षेत्र के लगोरजार्ड इलाके में फेंक दिए गए। 31 अक्टूबर को सलाहुद्दीन नाम के नागरिक की फर्जी मुठभेड़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 17 वर्षीय छात्र रेयान उल्फत का क्षत-विक्षत शव 22 अक्टूबर को बरामद हुआ, जिसे कथित तौर पर सुरक्षा बलों ने उठाया था।

Tags:    

Similar News