मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र संपन्न
मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कुछ मुद्दों को लेकर हंगामे के बीच कार्यसूची में शामिल विषयों को पूर्ण करने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी।
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कुछ मुद्दों को लेकर हंगामे के बीच कार्यसूची में शामिल विषयों को पूर्ण करने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी। इसके साथ ही शीतकालीन सत्र संपन्न हो गया।
अध्यक्ष एन पी प्रजापति ने सत्र के चौथे दिन कार्यसूची में शामिल विषयों को पूर्ण किया और इसके बाद कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। इसके साथ ही शीतकालीन सत्र संपन्न हो गया।
सत्र मंगलवार को प्रारंभ हुआ था। पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। फिर बुधवार और गुरूवार के बाद आज शुक्रवार को भी हंगामे की स्थिति बनी। इसके चलते अध्यक्ष ने कार्यसूची में शामिल विषयों को पूर्ण करने की औपचारिकता की और कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित कर दी।
सत्र 23 दिसंबर तक प्रस्तावित था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार और रविवार को सदन में अवकाश के बाद सोमवार को भी एक बैठक प्रस्तावित थी। इस तरह सत्र के दौरान पांच में से चार बैठकें हो पायीं।