पश्चिम बंगाल में पोस्ट पोल हिंसा को लेकर टीएमसी का प्रदर्शन, कुणाल घोष बोले- गरीबों को उजाड़ा जा रहा

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा और बढ़ती राजनीतिक तनातनी के बीच तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया;

Update: 2026-05-21 01:10 GMT

कोलकात। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा और बढ़ती राजनीतिक तनातनी के बीच तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कोलकाता में बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के सामने तृणमूल कांग्रेस के विधायक दल ने धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व विधानसभा में विपक्ष के नेता सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने किया।

इस दौरान तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने राज्य में जारी 'पोस्ट पोल वायलेंस' को लेकर भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद पार्टी के कई कार्यकर्ता अपने घरों से बाहर रहने को मजबूर हैं और उनके घरों को तोड़ दिया गया है।

कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि अब पुराने मामलों को भी नए तरीके से इस्तेमाल कर पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "पांच साल पुराने केस निकाले जा रहे हैं, जिनमें उन लोगों का नाम तक नहीं था, लेकिन अब उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।"

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गरीब लोगों को उजाड़ा जा रहा है, लेकिन उनके पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। कुणाल घोष ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों के घर हटाए जा रहे हैं, आखिर वे अब कहां जाएंगे।

उन्होंने केंद्र सरकार पर 'डबल स्टैंडर्ड' अपनाने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस, कमर्शियल गैस और ऑटो एलपीजी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। इसी के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे।

तृणमूल कांग्रेस का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब राज्य में चुनाव के बाद हिंसा, गिरफ्तारी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर माहौल लगातार गरमाया हुआ है।

Tags:    

Similar News