वैदिक भाषा को आधुनिक जीवन शैली से जोड़ने के लिए किये जायेंगे उपाय: योगी
संस्कृत को देश का स्वाभिमान बताते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि वैदिक भाषा को आधुनिक जीवन शैली से जोड़े जाने के तमाम उपाय किये जायेंगे
लखनऊ। संस्कृत को देश का स्वाभिमान बताते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि वैदिक भाषा को आधुनिक जीवन शैली से जोड़े जाने के तमाम उपाय किये जायेंगे।
योगी ने यहां राजकीय संस्कृत विद्यालयों के 18 बालिका छात्रावास, 19 राजकीय हाई स्कूल और 16 राजकीय इंटर कालेज के भवनों का लोकार्पण के अवसर पर कहा कि दुनिया के प्राचीन देशों में भारत की पहचान कराने में संस्कृत का महत्वपूर्ण योगदान है। देववाणी ने देश को सांस्कृतिक रूप से मजबूत किया है। देश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संस्कृत भाषा के ज्ञान से अच्छी तरह समझा जा सकता है।
उन्होने कहा कि संस्कृत को सीमित दायरे में नही रख कर आज के मौजूदा दौर से जोडने की जरूरत है। ब्रितानी साम्राज्य के दौरान संस्कृत की जमकर उपेक्षा की गयी। ऐसा इसलिये किया गया कि भारत का स्वाभिमान जागृत न हो। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्कृत परिषद की परीक्षा में शीर्ष दस स्थान प्राप्त करने वाले 40 मेधावियों को सम्मानित भी किया।