वसुंधरा ने भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप के समर्थन में प्रचार किया

 राजस्थान में अजमेर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप के समर्थन में प्रचार के दूसरे दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र पहुंची

Update: 2018-01-20 14:57 GMT

अजमेर । राजस्थान में अजमेर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप के समर्थन में प्रचार के दूसरे दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र पहुंची।

गुर्जर, जाट, रावत मतदाताओं की बाहुलता वाले इस क्षेत्र में जनसंवाद से पूर्व नसीराबाद से वह सबसे पहले सड़क मार्ग से सराधना हाईवे मार्ग राजगढ़ स्थित विख्यात मसाणिया भैरवधाम पहुंची।

राजे ने आस्था के इस केंद्र पर भगवान भैरव और मां कालका की पूजा अर्चना करी, दर्शन व आरती की और ढोक लगाकर प्रदेश की खुशहाली के साथ उपचुनाव में भाजपा की जीत की कामना की।

उन्होंने मनोकामना स्तंभ पर परिक्रमा भी लगाई।उन्होंने धाम के मुख्य उपासक चंपालाल महाराज के साथ बंद कमरे में मंत्रणा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक परिवार के बच्चे के साथ आत्मीयता पूर्ण बातचीत की और उसे दुलार दिया।

मुख्यमंत्री यहाँ से पुनः सड़क मार्ग से नसीराबाद पहुंची जहां उन्होंने चुनिंदा गणमान्य लोगों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

उन्होंने मंडल व बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उन्हें भाजपा प्रत्याशी रामस्वरुप लांबा को अच्छे वोटों से जिताने के लिए गुरुमंत्र भी दिया।

मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी - मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर, निहालचंद मेघवाल, उपचुनाव प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना, वीरमदेव सिंह आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के साथ संवाद करने में नसीराबाद क्षेत्र का पीसांगन मंडल, मागलियावास मंडल, भवानीखेड़ा व श्रीनगर मंडल तथा नसीराबाद मंडल से जुड़े जमीन स्तर के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कमोबेश सभी को चार साल के विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने तथा भाजपा के पक्ष में बड़ी मात्रा में वोट दिलाए जाने की अपील की।

मुख्यमंत्री आज ही अजमेर उत्तर व दक्षिण में भी इसी तरह के जनसंवाद के बाद सायं किशनगढ़ पहुंचेगी और जनसंवाद करेंगी।
परिवर्तित कार्यक्रम के अनुसार उनका रात्रि विश्राम किशनगढ़ में ही करने का कार्यक्रम तय हुआ है और कल प्रातः वे तीर्थराज पुष्कर में जनसंवाद से पहले ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करेंगी और पुष्कर से अलवर उपचुनाव मे जनसंवाद के लिए रवाना हो जाएंगी।


 

Tags:    

Similar News