राहुल के लिए अच्छा नहीं रहा उत्तराखंड का खराब मौसम

कांग्रेसियों के हाथ निराशा लगी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से पंतनगर तो आए लेकिन खराब मौसम के नाते न तो वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित कर सके, न ही पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन को;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-06-04 18:31 GMT
  • अवनींद्र कमल

अल्मोड़ा में सभा हो सकी न पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन

पंतनगर से दिल्ली वापस लौटना पड़ा राहुल को

देहरादून। कांग्रेसियों के हाथ निराशा लगी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से पंतनगर तो आए लेकिन खराब मौसम के नाते न तो वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित कर सके, न ही पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन को। उन्हें वापस दिल्ली जाना पड़ा। कांग्रेसियों के सारे उत्साह पर पानी फिर गया। डिजिटल माध्यम से राहुल ने संबोधन किया और फिर जल्द आने का वादा किया।

उत्तराखंड में मौसम हर पल रंग बदल रहा है। 4 जून को कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया था। इधर आज ही राहुल गांधी को कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा में पहुंच कर एक बड़ी जनसभा को संबोधित करना था।

राहुल को सुनने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी थी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रवत, उत्तराखंड प्रभारी और राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा भी मंच पर पहुंच चुकी थीं। उधर राहुल गांधी पंतनगर हवाई अड्डे पर उतरकर हेलीकॉप्टर पर सवार होने को थे। लेकिन पायलट ने बताया कि मौसम खराब है ऐसे में वह उड़ान नहीं भर सकता। आखिर राहुल गांधी को अल्मोड़ा की यात्रा रोक देनी पड़ी।

जैसे ही यह बात कांग्रेस नेताओं को पता चली तो वह मायूस हो गए। क्योंकि बड़ी संख्या में लोग राहुल को सुनने पहुंच गए थे और तमाम लोग रास्ते में थे। राहुल के दौरे पर भारतीय जनता पार्टी की भी निगाहें थीं। बाद में डिजिटल माध्यम से राहुल गांधी ने फिर आने का वादा किया और मौसम पर तोहमत लगाकर दिल्ली चल गए। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए एक संदेश जारी कर कहा कि वे जल्द उत्तराखंड आएंगे।

बता दें कि 4 जून और 5 जून को राहुल गांधी का अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित दौरा था। अल्मोड़ा में पब्लिक मीटिंग, इसके बाद पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद और फिर कल देहरादून में राहुल गांधी की कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करनी थी। फिलहाल राहुल ने जारी संदेश में कहा कि वे उत्तराखंड के लोगों से मिलकर बातचीत करना चाहते थे। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। कुल मिलाकर राहुल की सभा के बाद कांग्रेस का उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद होना था, वह नहीं हो पाया।

डिजिटल माध्यम से क्या कहा राहुल ने

राहुल ने बताया कि वे प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर, और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है , सभी पर बात करना चाहते थे। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था।

Tags:    

Similar News