उत्तराखंड में भाजपा का स्थापना दिवस समारोह, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा मुख्यालय में 47वें स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा मुख्यालय में 47वें स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
उत्तराखंड के भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। सभी जिला कार्यालयों में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हर कार्यकर्ता से आह्वान किया गया कि वह अपने घर पर कमल का झंडा लगाएं और ग्राम स्तर तक जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक वैचारिक पार्टी है, जिसने निरंतर अपने सिद्धांतों और कार्यशैली के आधार पर काम किया है। 47 वर्षों के सफर के बाद आज यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और इसके सर्वाधिक सदस्य हैं। उत्तराखंड प्रदेश में भी पार्टी के सबसे ज्यादा सदस्य हैं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए समर्पण भाव से कार्य करें और पार्टी की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए आज संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि चुनाव इस वक्त नहीं हैं। लेकिन, संगठन का कार्यक्रम सुनिश्चित है। इससे पहले देश के कई मुख्यमंत्री आ चुके हैं, हमारे गृह मंत्री और प्रधानमंत्री भी आ रहे हैं। हमारे पास मजबूत नेतृत्व है। जब भी शीर्ष नेतृत्व आता है, हम राज्य के कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। उन्हें बड़ी संख्या में प्रदेश और देश के लोग सुनने के लिए पहुंचते हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि एलपीजी की उत्तराखंड के अंदर कोई समस्या नहीं है। चारधाम यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित रहेगी और यात्रियों को हर तरह की सुविधा दी जाएगी। मैं कह सकता हूं कि इस बार की यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक लंबी अवधि तक चलने वाली है और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खनन को लेकर सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। राज्य को देश में सबसे अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने खनन व्यवस्था में सुधार करते हुए नई नीति लागू की है। पहले खनन को लेकर कई तरह की अनियमितताएं और शिकायतें आती थी। अब पारदर्शिता और सख्ती के साथ क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया है। सरकार के इन प्रयासों से खनन क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन और राजस्व वृद्धि देखने को मिल रही है।
वहीं, भाजपा की नेता नेहा जोशी ने कहा कि 47 वर्षों की भाजपा की जो यात्रा रही है, वह एक साधारण संगठन से दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठनों में शामिल होने तक की कहानी है। आज पार्टी के लगभग 18 करोड़ कार्यकर्ता देशभर में जुड़े हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या सक्रिय कार्यकर्ताओं की है। वर्तमान समय में भाजपा की लगभग 20 राज्यों में सरकारें हैं, जो इस लंबी और व्यापक संगठनात्मक यात्रा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जहां तक उत्तराखंड का सवाल है, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर काफी उत्साह है। इस दौरान एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन होने की संभावना है। साथ ही कई अन्य विकास योजनाओं की सौगात भी मिलेगी। राज्य के प्रति प्रधानमंत्री का विश्वास और मार्गदर्शन लगातार बना हुआ है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। निश्चित रूप से, यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा।
भाजपा नेता दीप्ति रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यात्रा जनसंघ से शुरू होकर जनता पार्टी के चरण से गुजरते हुए आज जिस मुकाम तक पहुंची है, वह अपने आप में ऐतिहासिक है। 1980 में स्थापना के बाद मात्र दो सांसदों से शुरू हुई यह यात्रा आज न केवल देश, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। यह उपलब्धि केवल और केवल पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं, उनकी निष्ठा, और राष्ट्रप्रेम से प्रेरित विचारधारा के कारण संभव हुई है। भारतीय जनता पार्टी में कार्य केवल सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से किया जाता है।