यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह को एक साल का और मिला सेवा विस्तार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह को एक बार फिर एक वर्ष का पुनर्नियोजन विस्तार दिया गया है;
जेवर एयरपोर्ट परियोजना के बीच राकेश कुमार सिंह पर सरकार का भरोसा कायम
- बड़ी परियोजनाओं की रफ्तार बरकरार रखने के लिए बढ़ाया गया कार्यकाल
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह को एक बार फिर एक वर्ष का पुनर्नियोजन विस्तार दिया गया है। उनका मौजूदा कार्यकाल आज 30 सितंबर को समाप्त हो रहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके कार्यकाल को बढ़ाने का निर्णय लिया है।
जारी शासनादेश के अनुसार, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह अब 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक अथवा अगले आदेश तक यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र (NIAL) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर बने रहेंगे।
यह लगातार दूसरा अवसर है जब उन्हें पुनर्नियोजन के तहत सेवा विस्तार दिया गया है। शासन के इस निर्णय को उनके प्रशासनिक अनुभव, परियोजनाओं की निगरानी और विकास कार्यों में निभाई गई भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है।
यीडा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, औद्योगिक निवेश, आवासीय योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। ऐसे में सरकार ने चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए नेतृत्व में स्थिरता को प्राथमिकता दी है।
अधिकारियों का मानना है कि एयरपोर्ट सिटी, लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं अभी निर्माण एवं क्रियान्वयन के चरण में हैं। ऐसे में अनुभवी प्रशासनिक नेतृत्व से इन योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
सेवा विस्तार के बाद राकेश कुमार सिंह के पास एक बार फिर यीडा और नियाल दोनों संस्थाओं की जिम्मेदारी रहेगी। इससे जेवर एयरपोर्ट और उससे जुड़ी विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में निरंतरता बनी रहने की संभावना है।