अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी में हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से दो पशुओं की मौत, तीन झुलसे

जेवर के गांव अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी में शनिवार को बिजली की हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से दो पशुओं की मौत हो गई तथा तीन पशु झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-08 17:48 GMT

जेवर। जेवर के गांव अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी में शनिवार को बिजली की हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से दो पशुओं की मौत हो गई तथा तीन पशु झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित किसान ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत दोनों पशुओं का पोस्टमार्टम कराया है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के रहने वाले दिव्यांग इंद्रकुमार किसानी व पशु पालन कर परिवार की गुजर बसर करते हैं। उनके पशुवाडे के ऊपर से बिजली की 11हजार वॉल्ट की लाइन गुजर रही है। आरोप है कि लाइन को हटाने के लिए किसान ने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई।

लेकिन लाइन को नहीं हटाया गया। शनिवार को हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर पशुओं के ऊपर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर दो भैंस की मौत हो गई जबकि तीन पशु झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जहांगीरपुर से पशु चिकित्सक कमल कुमार को बुलाकर मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया।

थोरा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र चौधरी ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा पीड़ित किसान को आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

Similar News