स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली जाना होगा मुश्किल, 14 अगस्त रात से बदलेगा यातायात

स्वतंत्रता दिवस के चलते दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए यातायात व्यवस्था बदल दी गई है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-10 17:35 GMT

भारी वाहनों पर रोक, चिल्ला से डीएनडी तक कई रास्तों पर डायवर्जन; एक्सपो मार्ट के पास भी लागू होगी नई व्यवस्था

ग्रेटर नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के चलते दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए यातायात व्यवस्था बदल दी गई है। 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

यातायात पुलिस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

वहीं डीएनडी से दिल्ली जाने वाले वाहनों को डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे भेजा जाएगा। कालिंदी कुंज से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे होकर जा सकेंगे। यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जेवर टोल प्लाजा से परीचौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।

एक्सपो मार्ट के आसपास भी डायवर्जन

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 आयोजित होगा। इसमें रोजाना करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। अधिक भीड़ होने पर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर के आसपास यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट किया जाएगा।

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए एक्सपो मार्ट परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बारिश के कारण नासा और बड़े गोलचक्कर पर पानी भरने की स्थिति में केसीसी कॉलेज, आइकोनिक कॉलेज, ट्रिनिटी कॉलेज और स्टेलर जिमखाना में वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की गई है

Tags:    

Similar News