बंद फ्लैट की खिड़की तोड़कर घुसे चोर, लाखों के गहने और 60 हजार रुपये ले गए
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कैपिटल एथेना सोसायटी में चोरों ने बंद फ्लैट को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली;
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कैपिटल एथेना सोसायटी में चोरों ने बंद फ्लैट को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। चोर किचन की खिड़की तोड़कर फ्लैट के अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब आठ से 10 लाख रुपये के गहने और 60 हजार रुपये नकद ले गए। घटना के बाद सोसायटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र की कैपिटल एथेना सोसायटी के टावर नंबर छह की सातवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 702 में दिल्ली के करोल बाग निवासी मनुज पुरी अपनी पत्नी नेहा और बच्चों के साथ रहते हैं। वह साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। रक्षाबंधन पर उनकी पत्नी दिल्ली स्थित अपने मायके गई हुई थीं। मंगलवार को मनुज ड्यूटी के बाद पत्नी को लेने दिल्ली चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद फ्लैट को निशाना बना लिया।
शाम करीब सात बजे मनुज पत्नी के साथ सोसायटी पहुंचे तो फ्लैट का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे लाखों रुपये के गहने और 60 हजार रुपये नकद गायब हैं। इसके अलावा चोर फ्लैट में रखा अन्य कीमती सामान भी ले गए। चोर सीढ़ियों के पास बनी किचन की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे।
बंद फ्लैट की खिड़की तोड़कर घुसे चोर, लाखों के गहने और 60 हजार रुपये ले गए
— Deshbandhu - (Daily Hindi Newspaper) (@NewsDeshbandhu) September 1, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कैपिटल एथेना सोसायटी में चोरों ने बंद फ्लैट को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर लीhttps://t.co/oGsupehF7y #DeshbandhuNews #Noida pic.twitter.com/bwrzuIb7aU
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से सोसायटी में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
सोसायटी के लोगों का कहना है कि परिसर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले सप्ताह मंदिर में रखे दानपात्र से रुपये चोरी हो गए थे। इससे पहले भी मंदिर के दानपात्र से चोरी हो चुकी है। इसके अलावा सोसायटी परिसर में खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों को अपनी सुरक्षा और सामान की चिंता सताने लगी है।
बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।