यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026" चतुर्थ संस्करण को लेकर प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन ने की

प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं निर्यात प्रोत्साहन आयोजनों में से एक "यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो -2026" के चतुर्थ संस्करण के सफल आयोजन हेतु प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में समीक्षा एवं तैयारी बैठक आयोजित की गई;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-06-11 17:44 GMT

25 से 29 सितम्बर, 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन

ग्रेटर नोएडा। प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं निर्यात प्रोत्साहन आयोजनों में से एक "यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो -2026" के चतुर्थ संस्करण के सफल आयोजन हेतु प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में समीक्षा एवं तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश प्रांजल यादव, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग उत्तर प्रदेश के. विजयेंद्र पांडियन, विशेष सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश शिशिर, अध्यक्ष, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड राकेश कुमार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण प्रेरणा सिंह, लक्ष्मी वी.एस.अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण एवं जिला प्रशासन, प्राधिकरण, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड सुदीप सरकार एवं पुलिस के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो के संबंध में अब तक की गई तैयारियों, विभागीय समन्वय, आधारभूत व्यवस्थाओं तथा आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जनपद गौतमबुद्ध नगर के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

प्रमुख सचिव द्वारा निर्देशित किया गया कि आयोजन में आने वाले देश-विदेश के क्रेताओं, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्रस्तावित स्थानीय समितियों के गठन पर विचार-विमर्श किया गया। प्रोटोकॉल समिति में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को नामित करने का प्रस्ताव रखा गया, जबकि चिकित्सा एवं आपातकालीन संचालन समिति में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य अभियंता विद्युत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरणों के प्रतिनिधियों को शामिल किए जाने पर चर्चा हुई।

Similar News