योगमय हुई पुलिस लाइन, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर रविवार सुबह योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-06-21 05:38 GMT

योग दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा फिट इंडिया का संदेश

ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर रविवार सुबह योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया। स्वस्थ जीवन और तनावमुक्त कार्यशैली का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित विशेष योग सत्र में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय योग गुरु आचार्य प्रतिष्ठा ने किया, जिन्होंने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। सुबह से ही पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एकत्र हुए और सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया।

आचार्य प्रतिष्ठा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक प्रभावी जीवन पद्धति है। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। कार्यक्रम में सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र कुमार, एडीसीपी स्वतंत्र सिंह, एसीपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने योगाभ्यास में सक्रिय भागीदारी करते हुए पुलिसकर्मियों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है, ऐसे में योग शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग सत्र के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भावना को सार्थक बनाया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला रहा, बल्कि पुलिस बल के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक एकजुटता को भी मजबूत करने का माध्यम बना।

Similar News