नोएडा पुलिस ने लिया जायजा – कांवड़ यात्रा सुरक्षा पर खास ध्यान

कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-05 18:28 GMT

कांवड़ यात्रा मार्ग निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता

  • एसीपी दीक्षा सिंह का दौरा – शिविरों में पेयजल व चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा

नोएडा। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने थाना फेस-3 और सेक्टर-63 क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग तथा कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और जिम्मेदार कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एसीपी दीक्षा सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए रखने, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और श्रद्धालुओं की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Tags:    

Similar News