यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। बिहार नंबर की यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी;

Update: 2026-09-24 01:25 GMT

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग, हादसे में 9 यात्रियों की मौत

  • पटाखों जैसी आवाजों से मची अफरातफरी
  • फायर टेंडरों ने आधे घंटे में पाया काबू
  • बस में अवैध सामान से आग फैलने की आशंका

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। बिहार नंबर की यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक आग लगने पर चालक ने बस को किनारे रोक दिया। उस समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

अफरातफरी का माहौल

आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। कई लोग खिड़की से कूदकर बाहर निकले, लेकिन कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस से पटाखे फूटने जैसी आवाजें आ रही थीं।

पुलिस और राहत कार्य

सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। चार से पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकरों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच और आशंका

पुलिस ने बताया कि बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बस में सामान के साथ अवैध पटाखे भी ले जाए जा रहे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।

यातायात प्रभावित

आग की विकरालता को देखते हुए जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

Tags:    

Similar News