नोएडा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, देखते ही देखते जलकर राख हुई बस
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के पास चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई;
चलती बस में लगी भीषण आग, 30 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
- धमाके जैसी आवाज और फिर आग, एक्सप्रेसवे पर मची अफरा-तफरी
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के पास चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान बस में धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, बस में रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
बस में आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
बताया जा रहा है कि बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। आग लगने के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है।