जीआईएमएस में देर रात हंगामा, कर्मचारियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का लगाया आरोप
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) में धरने पर बैठे हाउसकीपिंग कर्मचारियों और पुलिस के बीच देर रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई;
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) में धरने पर बैठे हाउसकीपिंग कर्मचारियों और पुलिस के बीच देर रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस बल का सहारा लिया गया और धरनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों को जबरन हटाया गया।
धरनारत कर्मचारियों के अनुसार, रात के समय हॉल की बिजली बंद कर दी गई और महिला व पुरुष कर्मचारियों को धक्का-मुक्की करते हुए बाहर निकाला गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
उनका कहना है कि मांगों पर बातचीत करने के बजाय उन्हें बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया गया। वहीं, कर्मचारियों ने साफ कहा कि वे इस कार्रवाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
घटना के बाद संस्थान परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि, इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।