कानपुर लैंबोर्गिनी हादसे का आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार
कानपुर के चर्चित लैंबोर्गिनी हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया
90 घंटे फरार रहने के बाद शहर से ही दबोचा गया
- कोर्ट में पेशी, वकील ने दाखिल की जमानत अर्जी
- बचाव पक्ष का दावा, हादसे के वक्त गाड़ी मोहन चला रहा था
- हाई प्रोफाइल केस में पुलिस पर दबाव, सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
कानपुर। कानपुर के चर्चित लैंबोर्गिनी हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि घटना के समय वही कार चला रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसके वकील ने जमानत अर्जी दाखिल की।
90 घंटे तक फरार, शहर से ही हुई गिरफ्तारी
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपी को कानपुर के छह बंगलिया रोड के पास से हिरासत में लिया गया। हादसे के बाद से शिवम करीब 90 घंटे तक फरार था, लेकिन वह शहर से बाहर नहीं गया। पुलिस ने उसे विधिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया।
वकील का दावा: गाड़ी मोहन चला रहा था
शिवम मिश्रा के वकील ने कोर्ट में कहा कि पुलिस ने गलत गिरफ्तारी की है। उनका दावा है कि हादसे के समय गाड़ी चालक मोहन चला रहा था, जबकि शिवम अस्पताल में भर्ती था। वकील ने कहा कि हम कोर्ट में यह साबित करेंगे कि शिवम गाड़ी नहीं चला रहा था।
क्या है कानपुर का लैंबोर्गिनी हादसा
8-9 फरवरी को वीआईपी रोड, ग्वालटोली इलाके में करीब 10 करोड़ की लैंबोर्गिनी कार ने तेज रफ्तार में कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारी। हादसे में कम से कम छह लोग घायल हुए। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद साफ हुआ कि कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
हाई प्रोफाइल केस, पुलिस पर दबाव
मामला हाई प्रोफाइल होने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। सीसीटीवी फुटेज ने केस को मजबूत किया और शिवम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। अब गिरफ्तारी के बाद मामला कोर्ट में है।
पुलिस कमिश्नर का बयान
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। आरोपी के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया कोर्ट के आदेश के अनुसार होगी।