गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो बदमाश मुठभेड़ में ढेर, जुबैर-समीर पर घोषित था 1-1 लाख रुपये का इनाम

मंगलवार देर रात वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, हथियार और घटना से जुड़े सामान बरामद किए हैं। हालांकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।;

Update: 2026-05-13 03:54 GMT

गाजियाबाद : Ghaziabad Encounter: उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एटीएम कैश वैन लूटकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान जुबैर अहमद और समीर खान के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे छह मई को हुई 27 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट में शामिल थे।

मंगलवार देर रात वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, हथियार और घटना से जुड़े सामान बरामद किए हैं। हालांकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सूचना मिलने के बाद डासना रोड पर हुई घेराबंदी

पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि स्वाट टीम और वेव सिटी थाना पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि कैश वैन लूट में शामिल बदमाश सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने डासना रोड पर घेराबंदी शुरू कर दी। जब पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों ने पुलिस पर लगातार गोलियां चलानी जारी रखीं।

मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल

फायरिंग के दौरान स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत और वेव सिटी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। इसके अलावा मुख्य आरक्षी संदीप मलिक समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जुबैर और समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से नकदी और हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से 9 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा बिना नंबर की स्विफ्ट कार, दो पिस्टल, दो तमंचे, कई कारतूस, बैग और सीसीटीवी डीवीआर भी बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान कैश वैन लूटकांड से जुड़ा हुआ है। फिलहाल फरार बदमाश शोएब और फिरोज की तलाश में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया जाएगा।

6 मई को हुई थी 27 लाख की सनसनीखेज लूट

गौरतलब है कि छह मई को गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में ‘एवन इंडिया’ नामक फाइनेंशियल कंपनी की कैश वैन एटीएम में नकदी डालने पहुंची थी। उस समय कर्मचारी मशीन में कैश लोड करने में व्यस्त थे। इसी दौरान पैदल आए चार बदमाशों ने ड्राइवर को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया और कैश वैन लेकर फरार हो गए। बदमाश बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हुए करीब 20 मिनट के भीतर वैन को लगभग 10 किलोमीटर दूर ले गए। वहां उन्होंने वैन से करीब 27 लाख रुपये निकाल लिए और गाड़ी को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे पुलिस प्रशासन को हिला दिया था, क्योंकि अपराधियों ने दिनदहाड़े बेहद फिल्मी अंदाज में लूट को अंजाम दिया था।

पुलिस ने बनाई थीं आठ टीमें

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपियों की तलाश के लिए कुल आठ टीमें बनाई गई थीं। ये टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थीं। जांच के दौरान पुलिस ने 11 मई को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने उनके कब्जे से 8 लाख 6 हजार रुपये नकद, एक बलेनो कार, तमंचा और कुल्हाड़ी बरामद की थी। इसके बाद पुलिस को जुबैर और समीर के बारे में अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर मंगलवार रात यह मुठभेड़ हुई।

आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे

पुलिस जांच में सामने आया है कि जुबैर पेशे से कारपेंटर था, जबकि समीर पैंठ बाजार में दुकान लगाता था। समीर, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहम्मद कैफ का भाई बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह गिरोह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहा है। गिरोह ने लूट की पूरी योजना पहले से तैयार की थी और वारदात को अंजाम देने के बाद अलग-अलग रास्तों से भागने की रणनीति बनाई थी।

फरार बदमाशों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस फरार बदमाश शोएब और फिरोज की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा और लूट की बाकी रकम भी बरामद कर ली जाएगी। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दावा किया है कि जिले में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Tags:    

Similar News