लकड़ी और गत्ते में लगी आग ने बढ़ाई चुनौती, दमकल 3 घंटे बाद पाया काबू

इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन स्थित वुडन डाई मेकर कंपनी में बुधवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के प्रथम तल पर बड़ी मात्रा में लकड़ी और गत्ता रखा होने के कारण आग तेजी से फैल ग;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-19 17:15 GMT

दमकल की दस गाड़ियों का संघर्ष - आग को पड़ोसी कंपनियों तक फैलने से रोका

  • इकोटेक‑3 में अफरा‑तफरी - कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
  • शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण - शुरुआती जांच में सामने आई वजह

ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन स्थित वुडन डाई मेकर कंपनी में बुधवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के प्रथम तल पर बड़ी मात्रा में लकड़ी और गत्ता रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाले रखा। बचाव कार्य में एसडीआरएफ की टीम ने भी सहयोग किया।

इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन में करीब 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में वुडन डाई मेकर कंपनी बनी हुई है। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रथम तल से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में वहां रखी लकड़ी और गत्ते ने आग पकड़ ली। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। कंपनी में मौजूद कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाल लिया गया। कंपनी की ओर से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग बढ़ती गई।

आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। सीएफओ, एसीपी-3 और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग तरफ से पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। फैक्ट्री के अंदर लकड़ी और गत्ता अधिक मात्रा में होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। धुआं और लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं।

दमकल टीम की सबसे बड़ी चुनौती आग को पड़ोसी कंपनियों तक पहुंचने से रोकना था। फैक्ट्री के पास एक पेपर कंपनी भी स्थित है, जहां आग फैलने का खतरा अधिक था। स्थिति को देखते हुए आसपास की कंपनियों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया।

दमकल की कुछ टीमों को आग बुझाने के साथ आसपास की फैक्ट्रियों की सुरक्षा में लगाया गया। करीब तीन घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

हालांकि दमकल विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारण और नुकसान का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Tags:    

Similar News