शादी के चार महीने बाद ही उजड़ा सुहाग, बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत
शादी के महज चार महीने बाद ही एक बिजली कर्मचारी की हादसे में मौत हो गई।;
चूहड़पुर गांव में पोल लगाते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन से छू गया पोल, अस्पताल में तोड़ा दम
ग्रेटर नोएडा। शादी के महज चार महीने बाद ही एक बिजली कर्मचारी की हादसे में मौत हो गई। ईकोटेक वन कोतवाली क्षेत्र के चूहड़पुर गांव के पास गुरुवार सुबह बिजली का पोल लगाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कर्मचारी मुबारिक गंभीर रूप से झुलस गए। सहकर्मी उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया।
सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के चंद्रावली गांव निवासी मुबारिक बिजली विभाग में कर्मचारी थे। गुरुवार सुबह वह अन्य कर्मचारियों के साथ चूहड़पुर गांव के नजदीक बिजली का पोल लगा रहे थे। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। लाइन के संपर्क में आते ही मुबारिक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मृतक के चाचा साकिर ने बताया कि मुबारिक की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ईकोटेक वन कोतवाली पुलिस के अनुसार, अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।