पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर फ्लाईओवर पर चढ़े ग्रामीण, सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
एक करोड़ मुआवजा, घायल को सरकारी नौकरी और 50 लाख की मांग पर अड़े ग्रामीण;
ग्रेटर नोएडा। अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर हादसे में 12वीं के छात्र की मौत के बाद बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फिर भड़क गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर फ्लाईओवर पर पहुंच गए। सीढ़ियों के रास्ते शव को ऊपर ले जाकर सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। साथ ही घायल युवक को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी गई।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया।
दरअसल, मंगलवार रात अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक सड़क पर गिर गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आने से 12वीं के छात्र करण की मौत हो गई थी। हादसे में अनीष पुत्र समसुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद भी ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाया था। पुलिस के समझाने के बाद जाम खुलवाकर करण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया तो ग्रामीण फिर से फ्लाईओवर पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।
घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें ग्रामीण शव को लेकर सीढ़ियों के रास्ते फ्लाईओवर पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान जनपद दीवानी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी और भीम आर्मी के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक ग्रामीणों से बातचीत की, जिसके बाद मामला शांत हुआ।