अजमेर में माकन के संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का हंगामा

हंगामा और नारेबाजी इस कदर बढ़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करके कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा।

Update: 2020-09-09 16:58 GMT

अजमेर । राजस्थान में अजमेर के एक होटल में आज आयोजित प्रदेश कांग्रेस के सम्भाग स्तरीय संवाद कार्यक्रम में प्रभारी सचिव अजय माकन के अजमेर जिले के नेताओं से संवाद के दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

हंगामा और नारेबाजी इस कदर बढ़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करके कार्यकर्ताओं को खदेड़ना पड़ा। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर नजदीकी गंज थाने गई तो पायलट गुट के मसूदा विधायक राकेश पारीक भी गंज थाने पहुंच गये और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठ गये।

विवाद शुरुआत सुबह ही हो गयी जब विधायक पारीक और पूर्व महापौर कमल बाकोलिया को पुलिस ने होटल में प्रवेश करने से रोक दिया। इस पर दोनों की पुलिस से बहस हुई। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भाटी के दखल के बाद मामला शान्त हुआ। कुछ देर बाद सड़कों पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करना शुरु कर दिया।

उसी दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्षद नौरत गुर्जर को समाज का गद्दार बताते हुए झंंडे फाड़ दिये। कार्यकर्ताओं में इस कदर नाराजगी रही कि उन्होंने डा. रघुशर्मा को भी नहीं बक्शा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो नेता पायलट की गोद में बैठकर सत्ता तक पहुंचे, उन्हीं का विरोध किया जा रहा है।

बड़े नेताओं का कांग्रेस के संगठित और एक होने का दावा अजमेर में खोखला नजर आया। कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी सड़कों पर देखी गयी। फिलहाल अजमेर शहर, अजमेर देहात, भीलवाड़ा के नेताओं से संवाद कायम किया जा चुका है। नागौर के बाद टोंक के नेताओं से मुलाकात की जायेगी।

उधर, कांग्रेस के प्रदेश सहप्रभारी विवेक बंसल ने कांग्रेस को संगठित बताते हुए राजस्थान में जल्दी ही राजनीतिक नियुक्तियों के संकेत दिये हैं। उन्होनें कहा कि कोरोना काल के चलते अब तक इसमें विलंब हुआ, लेकिन अब सत्ता और संगठन में तालमेल के साथ जल्द नियुक्ति की जायेगी ।

 

Full View

Tags:    

Similar News