शाहजहांपुर में मिनी ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मिनी ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई;
शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मिनी ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये है |
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि ग्राम चौढेरा लालबाग निवासी अशफाक की लालबाग में बैंड की दुकान है। बीती रात अशफाक अपने बेटे शौकीन तथा इसराइल, सतीश, अरविन्द, नाजिम, शिवकुमार, अनुज, रजनीश, इस्लाम, हरिशरण के साथ बैंड आदि सामान लेकर राजेंद्र की पिकअप गाड़ी से रोजा क्षेत्र के गांव पट्टी में एक शादी समारोह में बैंड बजाने गये थे।
कार्यक्रम निपटाने के बाद पिकअप से सभी लोग बापस लौटे और दुकान के पास सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर जनरेटर तथा अन्य सामान को उतारा और हिसाब किताब करने लगे ।
इस बीच, हरदोई की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने अशफाक की मोटरसाइकल और पिकअप को टक्कर मार दी और सड़क किनारे खड़े सभी लोगो को कुचलते हुए आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया । पुलिस ने आनन फानन सभी घायलो को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां शौकीन, इसराइल तथा सतीश की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर तीनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक शौकीन के पिता अशफाक ने कंटेनर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी हैं जिस पर मामला दर्ज कर पुलिस जाँच पड़ताल में जुट गई है।