दर्दनाक हादसे में चाचा और तीन वर्षीय मासूम की मौत
मां, बेटी बुरी तरह घायल, भीड़ ने फूंका ट्रक, सकरी में एक घंटे चक्काजाम बिलासपुर ! तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।;
मां, बेटी बुरी तरह घायल, भीड़ ने फूंका ट्रक, सकरी में एक घंटे चक्काजाम
बिलासपुर ! तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में चाचा और तीन वर्षीय मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मां और मेटी बुरी तरह घायल हो गए घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोडक़र फरार हो गया। दुर्घटना के बाद उत्तेजित सकरी के ग्रामीणों ने ट्रक में तोडफ़ोड़ करते हुए आग के हवाले कर दिया। उसके बाद दर्जनों ग्रामीण बीच सडक़ में चक्काजाम कर दिये। आगजनी की जानकारी मिलते ही सकरी चौकी का स्टाफ घटनास्थल पहुंचकर सबसे पहले फायर ब्रिगेड को बुलाया और आग पर काबू पाया। चक्काजाम होने से बिलासपुर तखतपुर मार्ग में दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
चकरभाठा थाना प्रभारी राजेश श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को समझाईस दिये उसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किए। करीब एक घंटे तक लोग हलाकान होते रहे। पुलिस के जवानों ने यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में लगे रहे। घायल मां-बेटे को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चकरभाठा थाना प्रभारी राजेश श्रीवास्तव से मिली जानकारी के अनुसार लोरमी के ग्राम मसना में रहने वाले अंताराम साहू का 22 वर्षीय भाई तुलाराम आज सुबह अपनी भाभी श्रीमती त्रिवेणी साहू 30 वर्ष भतीजी हिमानानी 3 वर्ष और परमेश्वरी 14 वर्ष को बाइक से लेकर रिश्तेदारी में तखतपुर जाने के लिए निकला था। बाइक सवार युवक सकरी के गायत्री मंदिर के पास पहुंचा ही था तभी वह सबसे पहले महतारी एक्सप्रेस से टकरा गया इसी दौरान तखतपुर तरफ से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 12 सी 1512 के चालक ने बाइक सवार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में चाचा तुलाराम और तीन वर्षीय मासूम हिमानानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं मां त्रिवेणी और पुत्री परमेश्वरी बुरी तरह घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद वहां पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और ट्रक में तोडफ़ोड़ करते हुए उसे आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ ने उसके बाद चक्काजाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही चकरभाठा थाना प्रभारी के अलावा पुलिस के आलाधिकारी घटनास्थल पहुंचकर फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया उसके बाद चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों को समझाईस देकर आंदोलन समाप्त कराया। करीब एक घंटा तक चले चक्काजाम के चलते बिलासपुर तखतपुर मार्ग में वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। चकरभाठा पुलिस मामला दर्ज करके आगे की जांच में लगी हुई है।