भाजपा ने शुरू की रूठों को मनाने की कवायद
ग्रेनो/रबूपुरा ! विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की घोषणा होते ही जेवर से प्रत्याशी धीरेन्द्र सिंह ने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू कर दी है।;
ग्रेनो/रबूपुरा ! विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की घोषणा होते ही जेवर से प्रत्याशी धीरेन्द्र सिंह ने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को इसी सिेलसिले में वह अपने दर्जनों समर्थकों के साथ हरीश कुमार के पास उनके आवास पर पहुंचे और गिले शिकवे भूलने की अपील की। हरीश कुमार ने भी उनका स्वागत करते हुए अपने समर्थकों से बातचीत के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया। हरीश ठाकुर और ठा. धीरेन्द्र सिंह कस्बा रबूपुरा के निवासी हैं और एक ही परिवार के हैं। लेकिन राजनीतिक रूप से दोनों धुर विरोधी माने जाते हैं। हरीश पिछले काफी समय से बीजेपी में सक्रिय हैं। वह जिलाध्यक्ष भी रहे फिलहाल प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। पिछले दिनों धीरेन्द्र सिंह के भाजपा ज्वाइन करने से पहले उन्हें ही जेवर से टिकट का प्रबल दावेदार माना जाता था। परन्तु धीरेन्द्र सिंह की भाजपा में एंट्री के बाद हरीश ठाकुर समेत टिकट के अन्य दावेदारों में खलबली मच गई। जेवर से टिकट मांगने वाले सभी कार्यकर्ताओं ने धीरेन्द्र सिंह प्र्र्रत्याशी बनाये जाने का विरोध जताते हुए पार्टी नेतृत्व से मूल कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाने की मांग की थी। लेकिन पार्टी ने उनके विरोध को दरकिनार करते हुए धीरेन्द्र सिंह को प्रत्याशी घोषित कर सभी के अरमानों पर पानी फेर दिया। इसके बाद असंतुष्ट कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव में धीरेन्द्र सिंह का विरोध की आशंका सताने लगी थी। जिसके बाद अब उन्होंने असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद शुरू की है। अब देखना यह है कि कुछ समय पूर्व तक टिकट की लाइन में लगे असंतुष्ट कार्यकर्ता धीरेन्द्र सिंह का दिल से समर्थन कर पाएंगे या नहीं।